हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले की ग्राम पंचायत टपरे के नौहंगी गांव निवासी सेना के जवान अभिषेक ठाकुर का रविवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। 26 वर्षीय जवान के निधन से गांव समेत पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे अभिषेक ठाकुर का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचा। जैसे ही तिरंगे में लिपटा शव गांव पहुंचा, परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। सुबह करीब 10 बजे पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। बड़े भाई अरुण कुमार और पुत्र जीवन प्रकाश ने उन्हें मुखाग्नि दी।

अंतिम विदाई के दौरान सबसे भावुक पल तब आया, जब उनकी पत्नी निकिता लाल जोड़े में पति को अंतिम विदाई देने पहुंचीं। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग खुद को भावुक होने से नहीं रोक सके। अभिषेक की शादी जुलाई 2024 में हुई थी।

बताया गया कि अभिषेक ठाकुर हिसार में तैनात थे। करीब एक सप्ताह पहले उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। शुरुआत में उन्हें उल्टी और दस्त की शिकायत हुई, बाद में जांच में हेपेटाइटिस-सी की पुष्टि हुई। हालत गंभीर होने पर उन्हें दिल्ली के आरआर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार सुबह उनका निधन हो गया।

अभिषेक के पिता जनक राज भारतीय सेना से कैप्टन पद से सेवानिवृत्त हैं, जबकि उनकी माता का नाम कमला देवी है। परिवार के 95 वर्षीय बुजुर्ग दादा रिखी राम भी इस दुखद घटना से गहरे सदमे में हैं।

अंतिम संस्कार में सुजानपुर के विधायक रणजीत सिंह राणा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने नम आंखों से जवान को श्रद्धांजलि दी।