बिलासपुर में अंधड़ से मक्की की फसल तबाह, मानसून सीजन में अब तक 2546 घर ढहे

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में अंधड़ से मक्की की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। किसानों की मेहनत पर बारिश के बाद अब अंधड़ ने पानी फेर दिया है। मक्की तैयार होने के मात्र 15 दिन पहले किसानों को बड़ा झटका लगा है। वहीं, बिलासपुर शहर में अंधड़ से पेड़ गिरे हैं। उधर, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के कुछ भागों में 11 सितंबर तक मौसम खराब बना रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। 5 और 6  सितंबर के लिए कुछ स्थानों पर अंधड़ चलने व बिजली चमकने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। आज राजधानी शिमला सहित अन्य भागों में मौसम साफ बना हुआ है। 

94 सड़कों पर यातायात अभी भी ठप
उधर, मंगलवार सुबह 10:00 बजे तक राज्य में 94 सड़कें यातायात के लिए ठप थीं। वहीं, 305 बिजली ट्रांसफार्मर व 12 जलापूर्ति स्कीमें भी प्रभावित चल रही हैं। राज्य में सड़कों, जलापूर्ति व बिजली बहाली का कार्य युद्ध स्तर पर हो रहा है। 

इस मानसून सीजन में अब तक 404 लोगों की जान गई
इस मानसून सीजन में 24 जून से 4 सितंबर तक 404 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। इनमें से 145 की सड़कों हादसों में मौत हो गई। कुल 377 घायल हुए हैं। राज्य में 2546 घर ढह हो गए हैं। 10853 को आंशिक नुकसान पहुंचा है। इसके अतिरिक्त 317 दुकानों व 5644 गोशालाओं को भी नुकसान हुआ है। मानसून सीजन के दौरान  8667.98 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हो चुका है। अब तक राज्य में भूस्खलन की 163 और अचानक बाढ़ की 72 घटनाएं सामने आई हैं। 

न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 16.0, सुंदरनगर 16.8, भुंतर 17.1, कल्पा 10.6, धर्मशाला 16.2, ऊना 21.0, नाहन 23.1, केलांग 10.6, पालमपुर 16.0, सोलन 19.6, मनाली 15.3, कांगड़ा 18.4, मंडी 17.5, बिलासपुर 20.3, चंबा 19.2, डलहौजी 11.6, जुब्बड़हट्टी 18.2, कुफरी 13.0, कुकुमसेरी 9.4, नारकंडा 10.1, भरमौर 15.0, रिकांगपिओ 14.3, धौलाकुआं 22.0, बरठीं 19.7, समधो 15.2, पांवटा साहिब 22.0, सराहन 15.0 और देहरागोपीपुर में 22.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here