शिमला: हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा की कार्यशैली की खुलकर सराहना की है। उन्होंने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से कहा कि भारतीय लोकतंत्र की खूबसूरती यही है कि सीखने और समझने के दरवाजे हमेशा खुले रहते हैं।
विक्रमादित्य सिंह ने लिखा कि राजनीति में जो व्यक्ति जनता के हित को ईमानदारी और तथ्यों के साथ रखता है, वह चाहे किसी भी पार्टी या विचारधारा से क्यों न हो, सीखने और सम्मान के योग्य होता है। उन्होंने विशेष रूप से राघव चड्ढा द्वारा संसद में उठाए गए मुद्दों की तारीफ की, जैसे कि आम उपभोक्ता, मध्यम वर्ग और युवाओं से जुड़े प्रश्न, जो सीधे आम भारतीय के जीवन को प्रभावित करते हैं।
मंत्री ने कहा कि राजनीति में अच्छी बात और जनहित का कार्य जहाँ भी नजर आए, उसे स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने यह भी जोड़ा कि सीखने और सुधारने में कभी भी किसी से गुरेज नहीं करना चाहिए, न ही दल या विचारधारा देखकर। उनके अनुसार, राजनीति और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय हर व्यक्ति के लिए विनम्रता और सीखने की यह क्षमता सबसे बड़ी पूंजी है।
विक्रमादित्य हाल ही में दिल्ली दौरे पर थे, जहां उन्होंने केंद्रीय मंत्रियों के सामने हिमाचल से जुड़े मुद्दों को उठाया। उनकी यह फेसबुक पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से साझा की जा रही है और लोगों का ध्यान खींच रही है।