शिमला। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पांच दिवसीय आधिकारिक दौरे पर हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला पहुंच गई हैं। उनके आगमन पर मशोबरा स्थित कल्याणी हेलीपैड पर राज्यपाल कविंद्र गुप्ता, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, मंत्री अनिरुद्ध सिंह और सांसद सुरेश कश्यप सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका औपचारिक स्वागत किया।

राष्ट्रपति के इस प्रवास के दौरान राष्ट्रपति सचिवालय का अस्थायी संचालन शिमला से ही किया जाएगा। सभी महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्य और फाइलों की प्रक्रिया यहीं से पूरी की जाएगी।

छराबड़ा स्थित ग्रीष्मकालीन आवास में प्रवास

राष्ट्रपति मुर्मु का हिमाचल दौरा पहले 27 अप्रैल से 2 मई तक निर्धारित था, हालांकि कार्यक्रम में बदलाव के बाद अब वह 1 मई को दिल्ली लौटेंगी। उनका ठहराव छराबड़ा स्थित राष्ट्रपति के ग्रीष्मकालीन आवास में है। पहले दिन उनका कोई औपचारिक कार्यक्रम निर्धारित नहीं है और वह परिवार के साथ समय बिताएंगी।

आगमन और यात्रा विवरण

राष्ट्रपति सुबह 11:30 बजे चंडीगढ़ एयरपोर्ट से भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर के माध्यम से रवाना हुईं और दोपहर 12:05 बजे मशोबरा के कल्याणी हेलीपैड पर पहुंचीं। वहां से सड़क मार्ग के जरिए लगभग 10 मिनट में वह अपने निवास स्थान पहुंचीं। उनके काफिले के गुजरने के दौरान सुरक्षा कारणों से यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया गया था।

आधिकारिक कार्यक्रम और दौरे

28 अप्रैल को लोक भवन में राज्यपाल की ओर से राष्ट्रपति के सम्मान में रात्रि भोज आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा अपने प्रवास के दौरान राष्ट्रपति पालमपुर का भी दौरा करेंगी, जहां वह चाय बागानों का निरीक्षण करेंगी और कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। वह देश की रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण अटल रोहतांग टनल का भी निरीक्षण करेंगी।

राष्ट्रपति के दौरे के दौरान सेना प्रशिक्षण कमान में सैन्य अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक भी प्रस्तावित है।

सुरक्षा और व्यवस्थाएं

राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए शिमला में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शहर में करीब 1000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है और पूरे रूट पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

खानपान की खास व्यवस्था

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को करेला विशेष रूप से पसंद है, इसलिए राष्ट्रपति निवास में उगाई गई सब्जियों से विशेष व्यंजन तैयार किए जाएंगे। साथ ही पारंपरिक हिमाचली धाम भी परोसी जाएगी। मेहमानों के लिए भोजन की व्यवस्था हिमाचल पर्यटन विकास निगम की टीम द्वारा की जा रही है।