ठियोग क्षेत्र के सैंज गांव के रहने वाले 45 वर्षीय गोपाल सिंह, जो असम में एसएसबी में एएसआई के पद पर तैनात थे, का निधन हृदय गति रुकने से हो गया। मंगलवार को उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचा, जहां अंतिम विदाई देने के लिए सैकड़ों लोग उमड़े। सीमा सुरक्षा बल की टुकड़ी ने राजकीय सम्मान के साथ उन्हें अंतिम सलामी दी और गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया। बेटे अभिषेक ने पिता को मुखाग्नि दी।
इस दौरान ठियोग के डीएसपी सिद्धार्थ शर्मा, तहसीलदार विवेक नेगी, थाना प्रभारी श्याम तोमर, पंचायत उप प्रधान प्रेमदत्त शर्मा और वार्ड सदस्य अनिता समेत कई लोग मौजूद रहे और परिजनों को ढांढस बंधाया। गोपाल सिंह अपने पीछे 75 वर्षीय मां, पत्नी द्रुपदा (42), बेटा अभिषेक (20) और तीन बहनों को छोड़ गए हैं। भाजपा नेता अजय श्याम ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जवान के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।