राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले और श्रीनगर में एक साथ कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर पुलिस और अर्धसैनिक बलों की सहायता से अलग-अलग टीमों द्वारा समन्वित तरीके से की गई।

सूत्रों के अनुसार, एनआईए की टीमों ने दक्षिण कश्मीर के शोपियां और श्रीनगर के लाल बाजार इलाके में विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान इमाम साहिब क्षेत्र में स्थित दारुल उलूम जामिया सिराजुल उलूम में भी तलाशी ली गई, जिसे हाल ही में प्रशासन ने यूएपीए के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध संस्था घोषित किया था। उस पर टेरर फंडिंग और कुछ लोगों के प्रतिबंधित संगठनों से संबंध होने के आरोप लगाए गए हैं।

इसी क्रम में शोपियां जिले के जैनापोरा के मूलू चित्रगाम इलाके में भी एक पूर्व जमात-ए-इस्लामी सदस्य शहजादा औरंगजेब के आवास पर जांच की गई। अधिकारियों के मुताबिक, एनआईए की टीम ने सीआरपीएफ और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर कई घंटों तक वहां तलाशी अभियान चलाया।

इसके अलावा श्रीनगर के लाल बाजार क्षेत्र में स्थित एक शैक्षणिक संस्थान ‘जमीयत उल बनात’ में भी जांच एजेंसियों ने सर्च ऑपरेशन किया। फिलहाल इस पूरी कार्रवाई को लेकर एजेंसियों की ओर से किसी तरह की आधिकारिक बरामदगी या निष्कर्ष साझा नहीं किया गया है।