शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक ढांचे में बदलाव करते हुए वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी हैं। कार्मिक विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के तहत दो वरिष्ठ अधिकारियों को महत्वपूर्ण विभागों का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
2010 बैच के आईएएस अधिकारी अमरजीत सिंह को गृह विभाग के सचिव का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। वे वर्तमान में सहकारिता विभाग तथा नगर एवं ग्राम नियोजन एवं आवास विभाग के सचिव के रूप में कार्यरत हैं। अब वे इन जिम्मेदारियों के साथ गृह विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी निभाएंगे। हालांकि गृह विभाग का संचालन अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) के समग्र नियंत्रण और निगरानी में ही होगा।
वहीं 2008 बैच के आईएएस अधिकारी आशीष सिंघमार को पशुपालन विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। सिंघमार पहले से ही डिजिटल टेक्नोलॉजी एवं गवर्नेंस, मुख्यमंत्री सचिवालय, सामान्य प्रशासन, संसदीय कार्य और राज्य मानवाधिकार आयोग सहित कई महत्वपूर्ण विभागों का कार्यभार संभाल रहे हैं।
तत्काल प्रभाव से लागू आदेश
राज्य सरकार द्वारा जारी आदेशों के अनुसार दोनों अधिकारियों की नई जिम्मेदारियां तुरंत प्रभाव से लागू हो गई हैं। यह व्यवस्था अगले आदेश तक जारी रहेगी।
प्रशासनिक हलकों में अमरजीत सिंह को गृह विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिए जाने को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि यह विभाग राज्य की कानून-व्यवस्था, आंतरिक सुरक्षा और समन्वय से जुड़े अहम मामलों को संभालता है।