हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में मैहतपुर के पास शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा टलते-टलते रह गया। पंजाब सीमा से सटे कलसेहड़ा इलाके में श्रद्धालुओं से भरी एक बस सरियों से लदे ट्रक से टकरा गई, जिसमें सात यात्री घायल हो गए। गनीमत रही कि बस में सवार करीब 50 अन्य श्रद्धालु सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार, यह बस राजस्थान के जयपुर से श्रद्धालुओं को लेकर वैष्णो देवी, चिंतपूर्णी और ज्वालामुखी के दर्शन के बाद वापस लौट रही थी। जैसे ही वाहन कलसेहड़ा क्षेत्र में पहुंचा, सामने से आ रहे सरियों से लदे ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक में लदी सरियों का हिस्सा बस की चालक साइड की खिड़की तोड़ते हुए अंदर तक घुस गया। अचानक हुई इस घटना से बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
हादसे में जयपुर निवासी पवन पुत्र रामलाल और बेहरू लाल पुत्र पुरुषोत्तम लाल समेत सात श्रद्धालु घायल हुए हैं। सभी घायलों को तुरंत ऊना क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
बस चालक जगदीश प्रसाद ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में मदद की। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और जांच शुरू कर दी।
नया नंगल पुलिस चौकी के एएसआई यादविंदर सिंह ने बताया कि घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल बना रहा।