जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के मेंढर क्षेत्र स्थित कृष्णा घाटी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (LoC) पर सोमवार को संदिग्ध घुसपैठ की कोशिश को भारतीय सेना ने विफल कर दिया। सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, इस दौरान हुई गोलीबारी में एक घुसपैठिया मारा गया, जबकि उसके साथ मौजूद अन्य लोग वापस सीमा पार भागने में सफल रहे।

जानकारी के मुताबिक, कुछ संदिग्ध भारतीय सीमा में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। सीमा पर तैनात सेना के जवानों ने गतिविधि को भांपते हुए उन्हें चेतावनी दी। इसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक घुसपैठिया ढेर हो गया।

घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके। सीमा पर जवानों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

हालांकि, इस घटना को लेकर अभी तक सेना या रक्षा मंत्रालय की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हुई हैं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही इस संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।