आगरा के बल्केश्वर घाट पर बुधवार को बड़ा हादसा हो गया, जब यमुना नदी में नहाने के लिए उतरे छह किशोर पानी के तेज बहाव में डूबने लगे। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग घाट पर इकट्ठा हो गए।

सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से पांच किशोरों को यमुना से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो अन्य किशोरों की स्थिति फिलहाल स्थिर है।

हालांकि एक किशोर अभी भी लापता है, जिसकी तलाश के लिए गोताखोरों और पुलिस टीम द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

डीसीपी सैय्यद अली अब्बास ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बल्केश्वर घाट पर नहाने के दौरान यह हादसा हुआ। पांच बच्चों को बचा लिया गया है, जबकि एक की तलाश जारी है।