मुजफ्फरनगर के नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में सोमवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब जौली रोड स्थित कूकड़ा गांव के पास एक चलती कार पर बाइक सवार हमलावरों ने फायरिंग कर दी। इस हमले में कार सवार चार दोस्तों में से एक युवक शशि मोहन गोली लगने से घायल हो गया।

शाम करीब 6:30 बजे की वारदात

जानकारी के अनुसार, यह घटना शाम लगभग साढ़े छह बजे हुई। घायल शशि मोहन, निवासी बहादरपुर, अपने तीन दोस्तों के साथ बलेनो कार में जा रहा था, तभी पीछे से आए कुछ बाइक सवार युवकों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी।


गोली लगने के बाद घायल को तुरंत उसके साथियों द्वारा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुरानी रंजिश की आशंका

घटना में मौजूद शशि मोहन के साथी एजाज़ (निवासी कूकड़ा) ने बताया कि हमलावरों से उनका करीब दो साल पुराना विवाद चला आ रहा था। शुरुआती जांच में पुलिस भी इस घटना को पुरानी रंजिश का नतीजा मानकर जांच कर रही है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही नई मंडी सीओ राजू कुमार साव जिला अस्पताल पहुंचे और घायल व प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। पुलिस ने आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

अधिकारियों के अनुसार, हमलावरों की पहचान के लिए कई टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है।