जम्मू। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के दौरे पर रहे और सीमा सुरक्षा को लेकर उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में उन्होंने जम्मू क्षेत्र में सुरक्षा बलों द्वारा हाल के दिनों में की गई कार्रवाई की सराहना की, जिसमें पिछले 15 दिनों में जैश-ए-मोहम्मद के चार आतंकियों को ढेर किया गया।

अमित शाह ने सुरक्षा बलों को निर्देश दिए कि ऑपरेशनों में अधिक प्रभाव और बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने हर ऑपरेशन को जॉइंट कंट्रोल सेंटर (JCC) से शुरू करने और घाटी में आतंकी संगठनों के ग्राउंड नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने पर जोर दिया।

गृह मंत्री शुक्रवार को कठुआ के अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे अग्रिम क्षेत्रों का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने हीरानगर और बोबियां सीमा चौकियों का दौरा किया और सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बोबियां BOP में छह कल्याणकारी योजनाओं का डिजिटल उद्घाटन और आधारशिला रखी। उन्होंने शहीद स्मारक अजय प्रहरी पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी।

इसके अलावा शाह ने जम्मू के लोक भवन में उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की और आतंकवाद से प्रभावित परिवारों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति पत्र वितरित किए। उनका यह दौरा सीमा पर बढ़ाई गई चौकसी के बीच हो रहा है, ताकि आतंकियों की घुसपैठ और हथियार एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाई जा सके।

सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा बलों ने कठुआ, उधमपुर और किश्तवाड़ जिलों में पिछले दो हफ्तों में करीब 12 मुठभेड़ों में जैश-ए-मोहम्मद के चार पाकिस्तानी आतंकियों को मार गिराया। अमित शाह गुरुवार रात जम्मू पहुंचे थे, जहां उनका स्वागत उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा सहित बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं ने किया।