जम्मू। जिला जम्मू के चट्ठा फार्म, पालमपुर में सोमवार रात हुई पूर्व सैनिक बलबीर सिंह (Retd.) की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस घटना में मृतक का साला धर्मेंद्र सिंह और पेशे से कसाई रविंद्र सिंह (फतेह) शामिल हैं। शुरुआती जांच में सामने आया कि साले ने डेढ़ महीने पहले ही हत्या की साजिश रची थी।

कैसे हुई वारदात

जानकारी के अनुसार, सोमवार को बलबीर सिंह मीरां साहिब बाजार गए थे। धर्मेंद्र और रविंद्र ने उनका पीछा किया और घर लौटते समय वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने बलबीर को गले पर चाकू से हमला कर हत्या कर दी और हथियार को नाले में फेंककर भाग गए।

एसएसपी जम्मू जोगिंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी मंगलवार देर रात पुलिस गिरफ्त में आए और पूछताछ में दोनों ने हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार की। घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों को पकड़ा गया।

पेंशन विवाद और पारिवारिक कलह

मृतक बलबीर सिंह की पेंशन रुक जाने और कोर्ट में मामले के कारण परिवार में तनाव था। बलबीर के हक में फैसला आने के बाद पत्नी और परिवार ने कथित तौर पर हत्या की साजिश रची।
बलबीर की बड़ी बेटी ने आरोप लगाया कि उनकी सौतेली मां संपत्ति अपने नाम करना चाहती थी। दो सप्ताह पहले भी बलबीर पर हमला किया गया था, जिसे सड़क हादसा बताया गया।

पूर्व सैनिक बलबीर ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी की मौत के बाद दूसरी पत्नी सोना के साथ उनका वैवाहिक जीवन विवादों से भरा रहा। बेटी प्रभजोत ने कहा कि पिता हमेशा परिवार में शांति चाहते थे, लेकिन सौतेली मां और उसके परिवार के कारण उन्हें जान से हाथ धोना पड़ा।

बेटी का दर्दनाक बयाना

प्रभजोत ने कहा, “पापा ने कभी किसी के साथ बुरा नहीं किया। पिता को हमेशा समझाया कि मां से तलाक लें, लेकिन उन्होंने कभी ऐसा नहीं किया। पिता को हमेशा अपने घर लाने की चाह थी, लेकिन सौतेली मां और परिवार ने मेरे पिता को मुझसे छीन लिया।”
उन्होंने पुलिस और न्यायालय से सभी दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की।