श्रीनगर। कश्मीर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IGP) विधि कुमार बिर्दी को केंद्र सरकार ने नई जिम्मेदारी सौंपी है। अब वे केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में महानिरीक्षक के पद पर कार्य करेंगे। उन्हें केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के तहत यह नियुक्ति दी गई है।
गृह मंत्रालय ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए बताया कि वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी बिर्दी की नियुक्ति CRPF में लेवल-14 वेतनमान के अंतर्गत उपलब्ध रिक्त पद पर की गई है। यह तैनाती सामान्य केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के नियमों और शर्तों के अनुसार होगी।
1 जून 2026 को जारी आदेश में यह भी निर्देश दिया गया है कि संबंधित विभाग उन्हें तुरंत कार्यमुक्त करें, ताकि वे केंद्र में अपनी नई भूमिका संभाल सकें।
एजीएमयूटी कैडर से आने वाले आईपीएस अधिकारी विधि कुमार बिर्दी अपने लंबे प्रशासनिक करियर में कई अहम पदों पर कार्य कर चुके हैं और जम्मू-कश्मीर में पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।