जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सोमवार को डांगडरो इलाके में स्थित एचआरटी (हेड रेस टनल) प्रोजेक्ट साइट पर भूस्खलन के कारण दो लोगों की मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब साइट पर एक वाहन मौजूद था। अचानक पहाड़ी से मलबा गिरने लगा और वाहन उसकी चपेट में आ गया। इस दौरान कई लोग मलबे में दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा और राहत तथा बचाव अभियान शुरू कर दिया। रेड क्रॉस सोसायटी किश्तवाड़ यूनिट के अनुसार अब तक मलबे से दो शव बरामद किए जा चुके हैं।
मृतकों की पहचान डोडा निवासी शहनवाज अहमद और किश्तवाड़ जिले के पालमार निवासी निशात अहमद के रूप में हुई है।
अधिकारियों का कहना है कि भूस्खलन के बाद कुछ लोग अभी भी लापता हैं। इसलिए राहत और तलाशी अभियान जारी है और टीमें अन्य संभावित पीड़ितों की तलाश में जुटी हुई हैं।