जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रशासन और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बाड़ी ब्राह्मणा के बलोले खड्ड इलाके में सरकारी जमीन पर बने 33 अवैध ढांचों को बुलडोजर की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई में करीब 60 करोड़ रुपये मूल्य की सरकारी भूमि को कब्जे से मुक्त कराया गया।
अधिकारियों के अनुसार, बलोले खड्ड क्षेत्र को लंबे समय से जिले का संवेदनशील ड्रग हॉटस्पॉट माना जाता रहा है, जहां अवैध निर्माणों का इस्तेमाल नशीले पदार्थों, खासकर हेरोइन, के भंडारण और तस्करी के लिए किया जाता था। यह इलाका कई बार अपराधियों और नशा तस्करों के नेटवर्क का सुरक्षित ठिकाना भी बताया गया है।
यह संयुक्त कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सांबा अनुज कुमार और सिविल प्रशासन की मौजूदगी में की गई। अभियान के दौरान राज्य औद्योगिक विकास निगम की लगभग 50 कनाल भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, इस क्षेत्र से जुड़े कई तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित 35 से अधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें मोहम्मद बारू, मंशु, दहुआ बीबी और फरमान अली उर्फ मुन्ना जैसे नाम शामिल हैं।
प्रशासन ने बताया कि खाली कराई गई जमीन की चारदीवारी कर दी गई है और दोबारा कब्जा न हो सके, इसके लिए फ्लडलाइट्स भी लगाई जा रही हैं। अधिकारियों ने साफ किया कि यह कार्रवाई ‘नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर’ अभियान का हिस्सा है और आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।