जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में शुक्रवार सुबह अमरनाथ यात्रा के दौरान एक गंभीर सड़क हादसा हुआ, जिसमें पांच श्रद्धालु घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बट्टल के बल्लियां इलाके में एक ट्रक ने एक कार को टक्कर मार दी। कार में अमरनाथ यात्रा पर निकले आठ श्रद्धालु सवार थे। दुर्घटना में इनमें से पांच लोग चोटिल हो गए।

https://twitter.com/ANI/status/1946028082789265775

सीआरपीएफ की 137वीं बटालियन के अधिकारी करतार सिंह ने बताया कि घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचा दिया गया है और सभी की हालत नियंत्रण में है।

उधर, अमरनाथ यात्रा का 16वां जत्था शुक्रवार सुबह जम्मू से सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच रवाना हुआ। गुरुवार को भारी बारिश के चलते यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया था।