कटड़ा। खुफिया एजेंसियों से मिले अलर्ट के बाद धर्मनगरी कटड़ा और माता वैष्णो देवी भवन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को अत्यधिक सख्त कर दिया गया है। पूरे यात्रा मार्ग पर चौकसी बढ़ा दी गई है और आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
सूत्रों के अनुसार आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने देश के कुछ प्रमुख धार्मिक स्थलों को संभावित निशाने पर रखा है। इनमें जम्मू-कश्मीर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर का नाम भी शामिल बताया जा रहा है। साथ ही राजधानी दिल्ली के चांदनी चौक क्षेत्र को लेकर भी सतर्कता बढ़ाई गई है। इन इनपुट्स के बाद पुलिस, अर्धसैनिक बल और खुफिया इकाइयां हाई अलर्ट पर हैं।
कटड़ा के प्रवेश बिंदुओं से लेकर भवन परिसर तक अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। क्विक रिएक्शन टीमों को सक्रिय रखा गया है, जबकि इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से यात्रा मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की 24 घंटे निगरानी की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार हर संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
यात्रा मार्ग पर सेवाएं देने वाले घोड़ा, पिट्ठू और पालकी संचालकों सहित अन्य कर्मचारियों की भी नियमित जांच की जा रही है। कटड़ा से जुड़े सभी प्रमुख मार्गों और चौकियों पर नाकेबंदी कर वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने समीक्षा बैठक कर स्पष्ट किया है कि किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
भवन परिसर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में पुलिस व सीआरपीएफ की संयुक्त गश्त बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए यात्रियों से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत सुरक्षा कर्मियों को दें, ताकि यात्रा निर्विघ्न और सुरक्षित बनी रहे।