पलामू जिले के पांकी थाना अंतर्गत आसेहार पंचायत के कुसड़ी गांव में अंधविश्वास से जुड़ी एक भयानक घटना सामने आई है। गांव में ओझा-गुनी और डायन-बिसाही के आरोप को लेकर एक ही परिवार के तीन सदस्यों की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज पांकी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
मृतकों की पहचान विजय भुईया, उनकी पत्नी कलिया देवी और उनके 17 वर्षीय पुत्र छोटू भुईया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले गांव की महेशी भुईया की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी। इसके बाद मृतक के पुत्र प्रमोद भुईया और रविंद्र भुईया ने गांव के कुछ लोगों पर ओझा-गुनी और डायन-बिसाही का आरोप लगाया। आरोपों के चलते गांव में तनाव बढ़ गया, जो हिंसक रूप ले लिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपियों ने पहले पीड़ित परिवार के साथ मारपीट की और फिर धारदार हथियारों से हमला कर तीनों की हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। पांकी थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और संदिग्ध आरोपियों की तलाश जारी है।
घटना के बाद कुसड़ी गांव में डर और असुरक्षा का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों की त्वरित गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को मुआवजा, और गांव में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। साथ ही, उन्होंने अंधविश्वास जैसी प्रथाओं को रोकने और जागरूकता फैलाने के लिए ठोस कदम उठाने की भी अपील की है।