रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय बजट 2026-27 को देश के विकास के मार्ग में एक महत्वपूर्ण कदम करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह बजट आर्थिक प्रगति के साथ-साथ हर वर्ग के कल्याण को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और इसका सीधा लाभ राज्य के विकास को मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किया गया यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला, मध्यम वर्ग और श्रमिकों के हित में ठोस प्रावधान करता है। उन्होंने कहा कि बजट में रोजगार सृजन, युवाओं के लिए अवसर, और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के सशक्तिकरण पर विशेष जोर है।
कृषि और ग्रामीण विकास में नए अवसर
विष्णुदेव साय ने बताया कि बजट में किसानों की आय बढ़ाने और कृषि उत्पादकता सुधारने के लिए आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल पर ध्यान दिया गया है। इसके साथ ही पशुपालन और डेयरी सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए योजनाएं बनाई गई हैं। महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल के तहत स्थानीय उद्योग और हस्तशिल्प को सशक्त बनाकर ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे।
युवाओं के लिए रोजगार और स्टार्टअप
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टार्टअप, एमएसएमई, मैन्युफैक्चरिंग और पर्यटन के क्षेत्रों में युवाओं के लिए नए रोजगार सृजित होंगे। पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और विदेश यात्रा व शिक्षा पहले की तुलना में और सुलभ होगी।
स्वास्थ्य क्षेत्र में महत्वपूर्ण निवेश
स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए बजट को ऐतिहासिक बताते हुए उन्होंने कहा कि बायोफार्मा सेक्टर के लिए 10,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इससे कैंसर और डायबिटीज जैसी गंभीर बीमारियों की दवाइयां सस्ती होंगी। इसके अलावा जिला अस्पतालों के उन्नयन, हर जिले में इमरजेंसी और ट्रॉमा सेंटर, मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और आयुर्वेदिक चिकित्सा को बढ़ावा दिया जाएगा। पांच क्षेत्रीय मेडिकल टूरिज्म हब बनाने की घोषणा से रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
महिला सशक्तिकरण और शिक्षा
मुख्यमंत्री ने बताया कि लखपति दीदी योजना के विस्तार से महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा हर जिले में छात्रावास निर्माण से बालिकाओं को उच्च शिक्षा में सुविधा मिलेगी और महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए क्रेडिट-लिंक्ड सहायता प्रदान की जाएगी।
उद्योग, खेल और शिक्षा में प्रगति
बजट में हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, नए जलमार्ग, टेक्सटाइल पार्क और खनिज कॉरिडोर की घोषणाएं शामिल हैं। सेमीकंडक्टर मिशन में निवेश से औद्योगिक विकास और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। खेलो इंडिया मिशन और शिक्षा सुधारों से बच्चों और युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे।
कर सुधार और आम जनता को राहत
मुख्यमंत्री ने बताया कि आयकर प्रक्रिया को सरल बनाया गया है। दवाइयों, कपड़ों, जूतों, मोबाइल, ईवी बैटरी, सोलर उपकरण, बायोगैस और सीएनजी जैसी रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमत में कमी से आम जनता को लाभ होगा।
समावेशी विकास का संदेश
अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास’ की भावना को मजबूत करता है। यह छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश में समावेशी विकास सुनिश्चित करेगा। उन्होंने प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री का धन्यवाद भी किया।