निकाह के बाद निभाया कर्तव्य
खंडवा में वोटिंग के लिए दूल्हा-दुल्हन निकाह के बाद सीधे पोलिंग बूथ पहुंचे। दूल्हे समीर आजाद ने बताया कि वो कुंडलेश्वर वार्ड के है। बारात लेकर राजस्थान के ब्यावर गए हुए थे। 13 मई को निकाह होना था लेकिन मतदान को लेकर एक दिन पहले ही 12 मई को ही निकाह करवाया गया।
87 साल की उषा पंडित निवासी न्यू बीजलपुर, इंदौर ने देवास जाकर मतदान किया। उनका मतदान केंद्र देवास में है। कुछ समय पहले वे इंदौर में रहने चली गई थीं। उनका नाम देवास में है।
खरगोन में एक घंटे तक मतदान प्रभावित
खरगोन लोकसभी सीट के एक इलाके में वीवीपैट मशीन खराब हो गई। इससे करीब एक घंटे तक मतदान प्रभावित हुआ है। खरगोन के शहरी क्षेत्र में पोस्ट ऑफिस चौराहा स्थित बूथ क्रमांक 124 की वीवीपैट मशीन खराब हो गई थी। इसे बदलने में करीब एक घंटे का समय लग गया। इस दौरान वोटिंग प्रभावित हुई।
कमलनाथ ने साधा निशाना
मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव 2024 के अंतिम चरण की वोटिंग आज की जा रही है। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि आज लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के मतदान में भारत की जनता को अपने भविष्य और सच्चाई के लिए वोड डालना है। पूर्व सीएम कमलनाथ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर ट्वीट कर लिखा कि भाजपा सरकार की सबसे बड़ी विशेषता है किसानों को दाम नहीं, नौजवानों को काम नहीं, महिलाओं को मान नहीं और दलित-आदिवासियों को सम्मान नहीं। सर्व समाज के इस अपमान को रोकने के लिए देश में सत्ता परिवर्तन करना जरूरी है। आज चौथे चरण के मतदान में भारत की जनता को अपने भविष्य और सच्चाई के लिए वोट डालना है।
खरगोन में सबसे अधिक मतदान
मध्य प्रदेश में दोपहर 3 बजे तक 59.63 फीसदी मतदान हुआ है। खरगोन में सबसे अधिक 63.84 फीसदी वोटिंग हुई है तो इंदौर में सबसे कम 48.04 फीसदी वोट पड़े हैं।
कहां कितने फीसदी मतदान?
देवास: 63.08
धार: 60.18
इंदौर: 48.04
खंडवा: 59.87
खरगोन: 63.84
मंदसौर: 61.58
रतलाम: 62.78
उज्जैन: 60.83
ग्रामीण क्षेत्रों में जमकर हो रहा मतदान
उज्जैन आलोट संसदीय क्षेत्र में दोपहर एक बजे तक 49.71 फीसदी मतदान हुआ है। यहां शहरी क्षेत्र की बजाय ग्रामीण क्षेत्र के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग उत्साहित से कर रहे हैं। उज्जैन आलोट संसदीय क्षेत्र में आठ विधानसभा आती हैं, जिसमें उज्जैन उत्तर और दक्षिण को शहरी क्षेत्र माना जाता है। दोपहर 1 तक उज्जैन उत्तर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 216 में 42.96% और उज्जैन दक्षिण विधानसभा क्रमांक 217 में 44.26% ही मतदान हुआ। वहीं, घटिया विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 215 में 54.05%, तराना विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 214 में 53.25%, महिदपुर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 213 में 52.49%, आलोट विधानसभा क्रमांक 223 में 52.05%, बड़नगर विधानसभा क्रमांक 218 में 51.52 और नागदा खाचरोद विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 212 में 49.19% प्रतिशत मतदान हुआ है।