• चौहान ने कहा- दिग्विजय और कमलनाथ गरीबों के कफन के 5 हजार रुपए खा गए
  • शिवराज ने कहा- मैंने मुख्यमंत्री बनते ही किसानों को करीब 3 हजार करोड़ रुपए का लाभ दिया

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राज्य सभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दतिया जिले की भांडेर में हुई चुनावी सभा में दिग्विजय सिंह और कमलनाथ पर जमकर निशाना साधा। उन्हें चंबल-ग्वालियर का असली गद्दार तक कह दिया। इसके साथ ही 42.8 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन और 16.64 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने भांडेर से उपचुनाव में भाजपा की उम्मीदवार रक्षा सिरौनिया को रिकॉर्ड मतों से जिताने का संकल्प भी दिलाया

  • बिजली बिल माफ होंगे

शिवराज ने कहा कि कमलनाथ ने सभी योजनाएं बंद कर दी थीं। दिग्विजय और कमलनाथ को तकलीफ क्या थी। अब यह सभी चालू होंगी। वह तो गरीबों के 5 हजार रुपए के कफन का पैसा भी खा गए। अब शिवराज सिंह चौहान आ गया है। खाली हाथ नहीं आया है। 13 हजार भाई-बहनों को लाभ देने आया है। हम जनता के लिए राजनीति करते हैं। अगले महीने से एक ही महीने का बिजली का बिल चुकाना पड़ेगा। बिजली के पिछले बिल सारे खत्म कर देंगे।

  • एक रुपए में अनाज मिलेगा

शिवराज ने कहा कि जितने गरीब भाई-बहन हैं, हमने उनके लिए एक रुपए किलो की अनाज योजना बनाई है। लिख लें। 16 सितंबर को दिन के 12 बजे एक रुपए किलो गेहूं देना शुरू कर दिया जाएगा। कोई गरीब अब मध्य प्रदेश में भूखा नहीं सोएगा। मध्य प्रदेश में गरीब की थाली कभी खाली नहीं रहेगी। हम कुर्सी पर बैठकर सत्ता का सुख लेने के लिए नहीं बने। सभी भर्तियों पर रोक हटा दी जाएगी। पुलिस भर्ती परीक्षा भी जल्द ही होगी।