लखनादौन (मध्य प्रदेश)। लखनादौन से कांग्रेस विधायक योगेंद्र सिंह बाबा गुरुवार को एक बड़े सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। सिवनी-जबलपुर मार्ग पर उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक स्कूल की बाउंड्री वॉल से टकरा गई, जिसके बाद वाहन में अचानक आग लग गई। हादसे में विधायक सुरक्षित हैं, जबकि उनके चालक और गनमैन घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, विधायक योगेंद्र सिंह बाबा जबलपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक सड़क पर एक गाय आ जाने से चालक ने वाहन को मोड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर सीधे स्कूल की दीवार से जा टकराई।
टक्कर के बाद लगी आग, मची अफरातफरी
टक्कर के तुरंत बाद कार में आग लग गई और कुछ ही क्षणों में वाहन लपटों में घिर गया। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त कार अंदर से लॉक हो गई थी, जिससे स्थिति गंभीर हो गई। हालांकि आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे विधायक, चालक और गनमैन को समय रहते बाहर निकाल लिया।
चालक और गनमैन घायल, अस्पताल में भर्ती
इस दुर्घटना में चालक अनु और गनमैन राजू धुर्वे घायल हो गए हैं। दोनों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं विधायक को एहतियातन मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
मौके पर भीड़, वीडियो वायरल
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोगों ने हादसे का वीडियो भी बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में कारण सामने आया
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह सड़क पर अचानक गाय का आना बताया जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।