यूपी: कलीनगर क्षेत्र के गांव डगा के पास गुरुवार को तेज आंधी और बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। पुलिया निर्माण स्थल से उड़कर आई लोहे की टिन एक बाइक सवार दंपती पर गिर गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल पीलीभीत रेफर किया गया है।

अचानक बदले मौसम ने बढ़ाई मुश्किल

घटना के समय कलीनगर के गांव रमनगरा निवासी पूर्व प्रधान लक्खा सिंह की पत्नी कश्मीर कौर, उनकी बेटी रमनदीप कौर और दामाद मंदीप सिंह पूरनपुर से रमनगरा लौट रहे थे। इसी दौरान डगा गांव के पास मौसम अचानक बिगड़ गया और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई।

मौसम खराब होने पर तीनों ने पास ही एक खोखे के पास रुककर शरण ली।

निर्माण स्थल से उड़कर आई टिन

डगा पुल के पास लोक निर्माण विभाग द्वारा पुलिया का निर्माण कार्य चल रहा है। यहां मजदूरों के लिए बनाए गए एक अस्थायी कमरे की लोहे की टिन तेज हवाओं में उड़ गई और सीधे बाइक सवार मंदीप सिंह और उनकी पत्नी रमनदीप कौर पर आ गिरी।

तेज हवाओं की वजह से टिन इतनी जोर से लगी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मदद के लिए पहुंच गए।

अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर

ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस बुलाकर दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माधोटांडा पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल पीलीभीत रेफर कर दिया।