इंदौर। मध्यप्रदेश की 28 सीटों पर मंगलवार उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है। इस दौरान मुरैन के सुमावाली में फायरिंग की घटना सामने आयी है। फायरिंग में एक युवक के घायल होने की बात कही जा रही है। वहीं, इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विज सिंह ने ईवीएम के हैक होने की आशंका जताई है। बता दें कि, सोमवार को चुनाव आयोग ने मध्यप्रदेश में उपचुनाव कराने के लिए करीब 33 हजार सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की बात कही थी।
सुरक्षा बल की तैनाती के बावजूद फायरिंग की घटना से प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर प्रश्न चिह्न लग गया है। जानकारी के अनुसार, मुरैना के सुमावली इलाके में फायरिंग की यह घटना हुई है। इसमें एक युवक घायल बताया जा रहा है। इसके साथ ही फायरिंग की वजह से करीब एक घंटे के लिए मतदान रोके जाने की भी खबर है।
दिग्विजय सिंह ने ट्वीट किया है। सुबह 7.56 बजे किए गए इस ट्वीट में उन्होंने अपनी पार्टी के उम्मीदवारों को जीत के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा मध्यप्रदेश में हो रहे उपचुनावों में सभी कांग्रेस उम्मीदवारों को विजय श्री की हार्दिक शुभकामनाएं। सत्यमेव जयते।
इसके साथ ही एक और ट्वीट में उन्होंने लिखा कि तकनीकी युग में विकसित देश EVM पर भरोसा नहीं करते पर भारत व कुछ छोटे देशों में EVM से चुनाव होते हैं। विकसित देश क्यों नहीं कराते? क्योंकि उन्हें EVM पर भरोसा नहीं है। क्यों? क्योंकि जिसमें चिप है वह हैक हो सकती है। बता दें कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल पहले भी ईवीएम मशीनों को लेकर सवाल उठाती रही हैं।