भोपाल। मध्य प्रदेश में स्थानीय निकाय चुनाव के चलते राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी रणनीतियों पर काम करना शुरू कर दिया है। इसी के चलते मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को छतरपुर में रोड शो किया। जिसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जनता का भरपूर समर्थन मिला। सड़क पूरी तरह से लोगों से भरी हुई दिखाई दी और मुख्यमंत्री शिवराज हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए दिखाई दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज के साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी मौजूद रहे। 

मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि आज देश में चौतरफा विकास हो रहा है। हमारा छतरपुर क्लीन, ग्रीन, हाईटेक और स्मार्ट सिटी बने इसका रोड मैप मेरे पास है। मुख्यमंत्री शिवराज ने ट्वीट किया कि इस अतुलनीय प्यार, सम्मान और विश्वास के लिए आप सबका हृदय से आभार! मैं आप सबको वचन देता हूं कि आपका विश्वास टूटने नहीं दूंगा। मध्य प्रदेश का चहुंमुखी विकास ओर जनता के कल्याण के कार्य अविराम जारी रहेंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा को सभी समुदाय के भाई-बहनों का प्यार और आशीर्वाद मिल रहा है। सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र को आत्मसात कर हम प्रदेश की सेवा में रत हैं। सबकी प्रगति और उन्नति ही हमारा ध्येय है।

कुछ वक्त पहले मुख्यमंत्री शिवराज ने महाराष्ट्र संकट को लेकर कांग्रेस के कद्दावर नेता कमलनाथ पर तंज कसा था। उन्होंने कहा था कि मध्य प्रदेश में अपनी ही सरकार को बचाने में नाकाम रहा कोई व्यक्ति (कमलनाथ) अब महाराष्ट्र की शिवसेना के नेतृत्व वाली महाविकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार को बचाने की कोशिश कर रहा है। 

गौरतलब है कि महाराष्ट्र सरकार के मंत्री एकनाथ शिंदे की अगुवाई में शिवसेना के कई विधायकों द्वारा बगावत किए जाने के बाद राज्य में एमवीए सरकार संकट में आ गई है। कांग्रेस एवं राकांपा भी इस सरकार का हिस्सा हैं।

https://twitter.com/ChouhanShivraj/status/1541353125222694912?s=20&t=vFrKMLaXD8nbtkygPDhbQw