भोपाल। राजधानी भोपाल के कोहेफिजा क्षेत्र स्थित लालघाटी-हलालपुर इलाके में शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यह आग सबसे पहले सोनी पटाखा दुकान में शुरू हुई, जिसने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया।
पटाखों में लगातार हो रहे विस्फोटों और आसमान तक उठती चिंगारियों ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। स्थिति की गंभीरता इसलिए और बढ़ गई क्योंकि आग लगने वाली दुकान के ठीक पास ही एक पेट्रोल पंप भी स्थित है।
मौके पर पहुंची दमकल, बड़े हादसे को टाला गया
घटना की सूचना मिलते ही भोपाल नगर निगम और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग को फैलने से रोकने के लिए दमकल कर्मियों ने आसपास के क्षेत्र और पेट्रोल पंप पर लगातार पानी की बौछारें कीं।
संभावित खतरे को देखते हुए एहतियातन पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति तुरंत बंद कर दी गई, ताकि किसी बड़े विस्फोट की आशंका को कम किया जा सके।
हाईवे पर यातायात रोका गया
सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रशासन ने भोपाल-इंदौर मार्ग पर यातायात को पूरी तरह रोक दिया। दोनों दिशाओं में वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया।
दमकल विभाग की टीमों ने शहर के सभी फायर स्टेशनों से अतिरिक्त गाड़ियां मंगाकर आग बुझाने का अभियान तेज किया।
आग पर पाया गया काबू
कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया है। हालांकि दुकान में रखे पटाखों के कारण बार-बार धमाकों से राहत कार्य में काफी मुश्किलें आईं।