सहारनपुर जिले के नानौता कस्बे के मोहल्ला अफगानान में शुक्रवार शाम भोपाल एटीएस ने स्थानीय पुलिस और खुफिया इकाइयों के सहयोग से एक युवक को हिरासत में लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भोपाल में दर्ज एक देशद्रोह संबंधी मामले की जांच के दौरान युवक का नाम सामने आया था।
सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसियों को संदेह है कि युवक का संपर्क पाकिस्तान स्थित कुछ संदिग्ध हैंडलरों से रहा है। इसी आधार पर भोपाल एटीएस की टीम ने उसके घर पर दबिश देकर उसे पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई।
छापेमारी के दौरान टीम ने चार मोबाइल फोन और कुछ धार्मिक साहित्य बरामद किया। बरामद मोबाइलों में से एक को विस्तृत तकनीकी जांच के लिए जब्त किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों की जांच से मामले के कई अहम पहलुओं का खुलासा हो सकता है।
एटीएस अधिकारियों के अनुसार, भोपाल में दर्ज मामले की जांच के दौरान मिले इनपुट के आधार पर युवक को सह-आरोपी के रूप में जांच के दायरे में लिया गया है। एजेंसियां इस कार्रवाई को भोपाल से गिरफ्तार किए गए मोहम्मद फराज प्रकरण से भी जोड़कर देख रही हैं।
यह अभियान एटीएस भोपाल के अधिकारी राहुल कुमार शर्मा के नेतृत्व में संचालित किया गया। जांच टीम का दावा है कि युवक से कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जा सकती है।
देवबंद से भी हुई थी हालिया गिरफ्तारी
गौरतलब है कि छह जून को यूपी एटीएस और पंजाब एसटीएफ की संयुक्त टीम ने देवबंद क्षेत्र के बचीटी गांव में कार्रवाई करते हुए मोहतशिम नामक युवक को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान उसके कुछ विदेशी और संदिग्ध संपर्कों की जानकारी सामने आई थी। उसके कब्जे से मोबाइल फोन सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किए गए थे, जिनकी जांच एजेंसियां कर रही हैं।