नई दिल्ली। मध्य दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नबी करीम थाना पुलिस ने एक सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान चार महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला और रैकेट चलाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए आरोपी की पहचान लक्ष्मी नगर निवासी शाहरुख के रूप में हुई है। वहीं मकान मालिक द्वारका निवासी हरिकिशन उर्फ राजू चैंपियन के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह के अनुसार, 11 जून की शाम करीब 7:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि कुतुब रोड स्थित सरन बिल्डिंग में अवैध तरीके से यह गतिविधि संचालित की जा रही है।
सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने एक सुनियोजित योजना बनाई और एक कांस्टेबल को फर्जी ग्राहक बनाकर मौके पर भेजा। जैसे ही संदिग्ध गतिविधियों की पुष्टि हुई, पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए परिसर में छापा मारा।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने शाहरुख को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि वहां मौजूद चार महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इसका संचालन किस स्तर तक फैला हुआ था।