बरेली। फतेहगंज पूर्वी थाने से मुरादाबाद जीआरपी में तैनात हेड कांस्टेबल मोहम्मद जमशेद ने अपने पद से इस्तीफा देकर पुलिस विभाग में चर्चा तेज कर दी है। उन्होंने अपना त्यागपत्र वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बरेली अनुराग आर्य को भेजा है।
इस्तीफे में सांप्रदायिकता का जिक्र
अपने पत्र में मोहम्मद जमशेद ने लिखा है कि पुलिस की वर्दी ने उन्हें सम्मान और पहचान दी है और उन्होंने पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारी निभाई है। उन्होंने कहा कि वह अपनी नौकरी से संतुष्ट हैं, लेकिन मौजूदा समय में देश और प्रदेश में सांप्रदायिकता बढ़ने को लेकर वे चिंतित हैं।
उन्होंने पत्र में यह भी लिखा कि समाज में बढ़ते तनाव के कारण लोग एक-दूसरे से दूर होते जा रहे हैं।
राजनीति में जाने की इच्छा
हेड कांस्टेबल ने अपने त्यागपत्र में यह भी उल्लेख किया कि वह अब सांप्रदायिक सौहार्द को बढ़ावा देने और देश सेवा के उद्देश्य से राजनीति में प्रवेश करना चाहते हैं। इसी वजह से उन्होंने पुलिस सेवा से मुक्त होने का निर्णय लिया है।
त्यागपत्र सोशल मीडिया पर वायरल
मोहम्मद जमशेद द्वारा भेजा गया त्यागपत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसके बाद पुलिस विभाग में इस मामले को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। सूत्रों के अनुसार, विभागीय स्तर पर भी उनके इस्तीफे को लेकर बातचीत हो रही है।