नई दिल्ली: दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जिले के ग्राम अर्दला में मंगलवार को विसर्जन के लिए जा रही ट्रैक्टर-ट्राली अचानक पुलिया से नदी में गिर गई। हादसे में अब तक 12 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस और राहत दलों ने शाम छह बजे तक 11 शव बाहर निकाल लिए थे।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, ट्रॉली में 20 से अधिक लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। मृतकों में आठ बालिकाओं की मौत की जानकारी सामने आई है। कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। गोताखोरों की मदद से राहत व बचाव कार्य तेज़ी से चल रहा है। आसपास के ग्रामीण भी रेस्क्यू अभियान में सहयोग कर रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल मौके पर अफरा-तफरी का माहौल है और प्रशासन ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है।