कोलकाता। भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी सुवेंदु अधिकारी के नामांकन से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के रोड शो के दौरान हुई अव्यवस्था के बाद चुनाव आयोग ने सख्त कदम उठाया है। आयोग ने घटना में लापरवाही बरतने के आरोप में साउथ डिवीजन के दो पुलिस उपायुक्त सहित कुल चार अधिकारियों को निलंबित कर दिया है और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
चुनाव आयोग ने निलंबित अधिकारियों को रविवार सुबह 11 बजे तक अपने कार्यालय में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया है। निलंबित अधिकारियों में पुलिस उपायुक्त सिद्धार्थ दत्त, अलीपुर थाने के प्रभारी प्रियंकर चक्रवर्ती, अतिरिक्त थाना प्रभारी चंडीचरण बंद्योपाध्याय और पुलिस सार्जेंट सौरभ चट्टोपाध्याय शामिल हैं। ये सभी अधिकारी भवानीपुर इलाके में रोड शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के जिम्मेदार थे।
जानकारी के अनुसार, रोड शो हाजरा मोड़ से शुरू होकर कालीघाट इलाके से गुजर रहा था। जैसे ही जुलूस ममता बनर्जी के निवास के पास पहुंचा, तृणमूल समर्थकों ने विरोध स्वरूप नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद भाजपा और तृणमूल समर्थकों के बीच हाथापाई जैसी झड़पें देखने को मिली।
घटना की जांच के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 35 से 40 लोगों की पहचान कर नोटिस जारी किया है। साथ ही, इस मामले में तीन अलग-अलग प्राथमिकी भी दर्ज की गई हैं।