महाराष्ट्र के अकोला जिले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने बीजेपी के एक बड़े नेता को रंगदारी की धमकी दी है। जानकारी के अनुसार, गैंग के सदस्य शुभम लोणकर ने सिग्नल ऐप के जरिए बीजेपी नेता से दो करोड़ रुपए की मांग की।

खबरों के मुताबिक, यह धमकी अकोट विधानसभा क्षेत्र के बीजेपी विधायक प्रकाश भारसाकळे से वसूली कराने के लिए दी गई थी और यह संदेश बीजेपी के शहर अध्यक्ष जयंत टावरी को भेजा गया। धमकी मिलने के बाद अकोला पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और शहर अध्यक्ष को पुलिस सुरक्षा प्रदान की गई है।

पुलिस के अनुसार, धमकी वाला कॉल तीन-चार दिन पहले आया था। शुभम लोणकर ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि विधायक से दो करोड़ रुपये वसूले नहीं गए, तो शहर अध्यक्ष और विधायक दोनों को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। हालांकि, पुलिस ने मामले की विस्तृत जानकारी देने से इनकार किया है।

कौन है शुभम लोणकर?

शुभम लोणकर वह शख्स है, जिसने पहले NCP नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया और हाल ही में फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी भी स्वीकार की।

वह मूल रूप से अकोला जिले के अकोट तालुका के नेवोरी गांव का निवासी है। इससे पहले अकोला पुलिस ने उसके कब्जे से तीन पिस्टल और कई जिंदा कारतूस बरामद किए थे। उसे लॉरेंस बिश्नोई और उनके छोटे भाई अनमोल बिश्नोई का करीबी माना जाता है। बंदूक तस्करी में मुख्य सूत्रधार होने के आरोप में उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।

अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क और कॉल रिकॉर्डिंग

अकोला पुलिस के पास शुभम लोणकर और लॉरेंस बिश्नोई के बीच बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग भी मौजूद है। बताया जाता है कि उसका नेटवर्क दुबई और अन्य अंतरराष्ट्रीय अपराधियों तक फैला हुआ है। नेवोरी गांव में उसका घर पिछले कई दिनों से ताले में बंद है।

इस मामले ने स्थानीय प्रशासन और बीजेपी नेताओं के बीच खलबली मचा दी है, और सुरक्षा इंतजामों को कड़ा कर दिया गया है।