नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारत फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के दौरे का बेसब्री से इंतजार कर रहा है और दोनों देशों के संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री ने यह बात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर मैक्रों के पोस्ट पर कमेंट करते हुए कही। फ्रांस के राष्ट्रपति ने अपने पोस्ट में बताया था कि वह तीन दिवसीय दौरे के लिए भारत आएंगे, जिसमें मुंबई और नई दिल्ली में दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करेंगे।

पीएम मोदी ने क्या कहा:
प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, "भारत में आपका स्वागत है! हम आपके दौरे और हमारे सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का इंतजार कर रहे हैं। मुझे विश्वास है कि हमारी बातचीत से विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी और मजबूती आएगी और वैश्विक प्रगति में मदद मिलेगी। मुंबई और फिर दिल्ली में आपसे मिलकर खुशी होगी, मेरे मित्र इमैनुएल मैक्रों।"

मैक्रों ने क्या कहा:
फ्रांस के राष्ट्रपति ने लिखा, "भारत की ओर बढ़ रहे हैं! तीन दिन के दौरे में मुंबई से नई दिल्ली तक हमारी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेंगे। कल मिलते हैं, मेरे मित्र नरेंद्र मोदी।"