महाराष्ट्र के लातूर में एक स्कूल शिक्षक पर 30 से अधिक छात्रों और सहकर्मियों को शारीरिक रूप से पीटने का गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद सामने आई तस्वीरों में छात्रों के हाथ-पांव पर गहरे लाल निशान देखे जा सकते हैं।
घटना के अनुसार, शिक्षक उज्ज्वल सोनी की मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट मुड़ी हुई थी। कुछ छात्र उसी रास्ते से गुजर रहे थे, जिससे शिक्षक को शक हुआ और उन्होंने बिना देर किए छात्रों पर हाथ उठाना शुरू कर दिया।
विद्यालय प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने इस मामले में आधिकारिक शिकायत दर्ज कर ली है।
विद्यालय की प्रिंसिपल जेबा नादेर ने बताया, "शनिवार रात लगभग 10 बजे शिक्षक अपनी क्लास की तैयारी पूरी कर बाइक के पास पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि उनकी नंबर प्लेट मुड़ी हुई थी। उसी समय कुछ छात्र हॉस्टल जा रहे थे। शिक्षक गुस्से में छात्रों को बुलाकर उनसे स्थिति के बारे में पूछा और तुरंत उन्हें पीटना शुरू कर दिया।"
प्रिंसिपल ने आगे कहा कि घटना के तुरंत बाद शिक्षक को स्कूल से हटा दिया गया और पुलिस को सूचना दी गई। आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।