भाजपा महिला मोर्चा ने चंपावत से जुड़े हालिया विवाद को लेकर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के खिलाफ प्रदेशभर में आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। संगठन ने कहा है कि इस मुद्दे पर तीन दिन तक लगातार विरोध प्रदर्शन, पुतला दहन और प्रेस वार्ताओं का आयोजन किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने आरोप लगाया कि चंपावत प्रकरण को लेकर विपक्षी दलों ने भाजपा की छवि खराब करने और राज्य का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि इसके विरोध में 9 से 11 मई तक राज्य के विभिन्न जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
रुचि भट्ट ने कहा कि विपक्ष लगातार महिलाओं, युवाओं और आम जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है, जबकि भाजपा हमेशा महिला सुरक्षा, सम्मान और न्याय के पक्ष में खड़ी रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने कई बार महिलाओं से जुड़े मुद्दों को केवल राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया है।
कार्यक्रम के तहत प्रदेश के सभी जिलों में महिला मोर्चा की पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। अलग-अलग स्थानों पर प्रेस वार्ता, विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन जैसे कार्यक्रम किए जाएंगे।
उत्तरकाशी से लेकर ऊधमसिंह नगर तक कई वरिष्ठ महिला पदाधिकारी इन कार्यक्रमों का नेतृत्व करेंगी। पार्टी का कहना है कि पूरे प्रदेश में यह अभियान विपक्ष के आरोपों के जवाब और संगठन की स्थिति स्पष्ट करने के लिए चलाया जा रहा है।