पाकुड़ जिले के तारानगर पंचायत के लखी नारायणपुर गांव में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। देर रात एक जंगली लोमड़ी घर में घुस आई और लगभग तीन महीने के मासूम बच्चे को अपना शिकार बना लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, रामचंद्रपुर निवासी मुसफेरा बीबी अपने बच्चों के साथ कुछ दिनों के लिए मायके लखी नारायणपुर आई हुई थीं। शुक्रवार देर रात जब परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे, तभी अचानक एक जंगली लोमड़ी घर में दाखिल हो गई और सो रहे मासूम बच्चे को उठा ले गई। हमले में बच्चे को गंभीर रूप से नोच डाला गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के दौरान लोमड़ी ने घर में मौजूद एक अन्य छोटे बच्चे पर भी हमला करने की कोशिश की। उसी समय बच्चे की चीख-पुकार सुनकर परिजन जाग गए और शोर मचाया। शोर सुनकर लोमड़ी वहां से भाग निकली, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।
हमले में घायल हुए दूसरे बच्चे को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार किया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
इस घटना के बाद पूरे गांव में भय और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय बच्चे सुरक्षित नहीं हैं और लोग अपने घरों में भी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और जंगली जानवर को पकड़ने की मांग की है। साथ ही प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की अपील भी की गई है। फिलहाल गांव में लोग रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं ताकि किसी और घटना को रोका जा सके।