उन्नाव के औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां निर्माणाधीन फैक्ट्री में पायलिंग मशीन के डीजल टैंक में विस्फोट के बाद आग लग गई। इस हादसे में मशीन की मरम्मत कर रहे एक ऑपरेटर की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।
घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मजदूरों ने मुआवजे व कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर विरोध किया, जिससे पुलिस को शव उठाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, दही क्षेत्र के सरांय कटियान औद्योगिक क्षेत्र में कैन पैक फैक्ट्री का निर्माण कार्य चल रहा है। शनिवार शाम पायलिंग मशीन (गहरी बोरिंग कर पिलर खड़ा करने वाली मशीन) की हाइड्रोलिक मोटर में खराबी आ गई थी।
बदायूं के हजरतपुर क्षेत्र निवासी 32 वर्षीय उमेश सिंह अपने मुख्य ऑपरेटर के साथ मशीन की मरम्मत कर रहे थे। इसी दौरान करीब शाम 6 बजे मशीन का डीजल टैंक अचानक तेज धमाके के साथ फट गया और आग लग गई।
मौके पर ही मौत
हादसे के वक्त मुख्य ऑपरेटर ने किसी तरह मशीन से कूदकर अपनी जान बचा ली, लेकिन उमेश सिंह आग की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
फैक्ट्री प्रबंधन ने तुरंत पानी के टैंकरों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया और पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। रास्ता अवरुद्ध होने के कारण दमकल गाड़ी समय पर मौके तक नहीं पहुंच सकी।
मजदूरों का विरोध, शव उठाने से इनकार
घटना की जानकारी फैलते ही मौके पर मौजूद 50 से अधिक मजदूरों ने हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया।
मजदूरों ने कहा कि जब तक परिवार के सदस्य नहीं पहुंचते, वे शव नहीं उठने देंगे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी।
परिवार में मातम
उमेश सिंह अपने परिवार में पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। हादसे की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिजन घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।