अमृतसर: पंजाब के अमृतसर जिले के गुरु नानकपुरा इलाके में पीएपी के हेड कॉन्स्टेबल अशोक कुमार के बेटे, 26 वर्षीय आकाश, की शुक्रवार रात नशे की वजह से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा कारण

एसीपी जसपाल सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारण का पता चल पाएगा। फिलहाल परिवार सदमे में है और जैसे ही मौका मिलेगा, उनके बयान दर्ज किए जाएंगे।

आकाश नशे का शिकार

गुरु नानकपुरा की राम नगर कॉलोनी निवासी अशोक कुमार ने बताया कि उनका बेटा आकाश पिछले कई वर्षों से नशे का सेवन कर रहा था। शुरू में शराब, बाद में मेडिकल नशा लेने लगा। आकाश को पहले भी दो बार इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

लगभग दस दिन पहले भी उसे अस्पताल में भर्ती करना पड़ा था। इलाज के बाद मंगलवार को घर लाया गया, लेकिन शुक्रवार दोपहर को उसके दोस्त उसे घर से लेकर चले गए। नशे का असर होने के बाद आकाश सड़क पर बेसुध स्थिति में पाया गया। पिता को फोन पर इसकी जानकारी मिली। तुरंत अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार का बयान और सोशल मीडिया विवाद

पीड़ित पिता अशोक कुमार ने शुरुआत में कहा था कि उनके बेटे की मौत खुलेआम बिक रहे नशीले पदार्थों की वजह से हुई। हालांकि, सोशल मीडिया पर मामला तूल पकड़ने के बाद उन्होंने बयान बदलकर माफी मांगी और कहा कि आकाश की मौत हार्ट अटैक के कारण भी हो सकती है।