जालंधर। चर्चित लक्की ओबेरॉय हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अमृतसर देहात पुलिस ने जालंधर पुलिस से मिले तकनीकी इनपुट के आधार पर खासा इलाके में हुई मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी शमिंदर सिंह उर्फ शिंगरीको को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से बेरेटा कंपनी की .30 बोर पिस्टल भी बरामद की गई है, जिसे हत्या में इस्तेमाल किए जाने की पुष्टि की जा रही है।
डीआईजी बॉर्डर रेंज संदीप गोयल ने बताया कि आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने खासा क्षेत्र में नाकाबंदी की थी। इसी दौरान आरोपी बिना नंबर की बाइक पर आता नजर आया। जब उसे रोकने का प्रयास किया गया तो वह भागने लगा और गिरने के बाद पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया और मौके पर काबू कर लिया गया। बाद में उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
भागते समय कई रास्तों से पहुंचा अमृतसर
पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात के बाद शमिंदर अपने साथियों के साथ जालंधर से फरार हुआ था। नूरमहल के पास रास्ता बदलकर उसने अलग-अलग वाहनों से यात्रा की। वह पहले ट्रकों से लिफ्ट लेकर आगे बढ़ा और फिर टैक्सी से अमृतसर पहुंचा। वहां उसे एक बिना नंबर की बाइक मिली, जिससे वह आगे निकलने की कोशिश कर रहा था।
मोबाइल लोकेशन और CCTV से मिला सुराग
जालंधर पुलिस ने आरोपी की गतिविधियों को मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज के जरिए ट्रैक किया। आखिरी लोकेशन अमृतसर के पास मिलने के बाद अमृतसर देहात पुलिस को अलर्ट किया गया, जिसके बाद संयुक्त कार्रवाई में उसे पकड़ा गया।
दूसरा हथियार और साथी अभी भी फरार
पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड में दो पिस्टल का इस्तेमाल हुआ था। एक हथियार शमिंदर से बरामद हो चुका है, जबकि दूसरा उसके साथी के पास होने की आशंका है। उस आरोपी की तलाश में अलग-अलग जगहों पर छापेमारी जारी है। पूछताछ में साजिश से जुड़े अन्य नाम भी सामने आए हैं, जिन पर पुलिस की निगाह बनी हुई है।