मोगा के किल्ली चहल गांव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से आयोजित ‘बदलाव रैली’ में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। केसरिया पगड़ी पहने शाह का मंच पर भव्य स्वागत किया गया।
रैली में शाह ने सिख गुरुओं की शहादत को श्रद्धांजलि दी और पंजाब में 2027 में भाजपा की सरकार बनने का दावा किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि पंजाब की पवित्र भूमि भ्रष्टाचार, ड्रग्स और अपराध की समस्या में डूब चुकी है और आम आदमी पार्टी की सरकार ने लॉ एंड ऑर्डर तथा विकास को नकारा है।
रैली से पहले अमित शाह ने कहा कि आज मोगा में वह भाजपा की ‘बदलाव रैली’ के माध्यम से पंजाब के लोगों से सीधे संवाद करेंगे।
वित्तमंत्री ने उठाए सवाल
इस रैली के चलते आम आदमी पार्टी के वित्तमंत्री हरपाल सिंह चीमा ने केंद्रीय गृह मंत्री से कई सवाल उठाए। चीमा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने पिछले वर्षों में पंजाब के साथ भेदभाव किया है और राज्य के विकास के लिए आवंटित कई फंड रोक रखे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास निधि, नेशनल हेल्थ मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पंजाब के बकाया फंड जारी नहीं किए गए।
ट्रैफिक डायवर्ट और रूट प्लान
रैली के कारण लुधियाना-फिरोजपुर रोड और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक पर दबाव बढ़ने की संभावना है। पंजाब पुलिस ने इसे देखते हुए विशेष रूट प्लान जारी किया है और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की है।
मुख्य वैकल्पिक मार्ग:
-
रायकोट से मोगा: रायकोट – बस्सियां – झोरड़ा – चकर – रामा – बिलासपुर – मोगा
-
लुधियाना से मोगा: लुधियाना – मुल्लापुर – जगराओं – सिधवा बेट – गिद्दड़विंडी – किशनपुरा – धर्मकोट – मोगा
-
माहितपुर से मोगा: माहितपुर – सिधवा बेट – किशनपुरा – धर्मकोट – मोगा
रैली स्थल तक पहुंचने के लिए विशेष मार्ग:
-
रायकोट साइड: रायकोट – बस्सियां – कमलपुरा – जगराओं तहसील चौक – नानकसर – किल्ली चहल
-
लुधियाना साइड: लुधियाना – मुल्लापुर – जगराओं – नानकसर – किल्ली चहल
-
जालंधर/नकोदर साइड: जालंधर – नकोदर – माहितपुर – सिधवा बेट – जगराओं – नानकसर – किल्ली चहल
पुलिस ने कहा कि रैली के दौरान ट्रैफिक डायवर्ट किए जाएंगे और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। जनता से अपील की गई है कि वे रूट प्लान की जानकारी लेकर ही यात्रा करें, ताकि किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सके।