फिरोजपुर-फाजिल्का रोड पर शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया के माध्यम से जारी संदेश में कहा गया कि पीएम नरेंद्र मोदी इस दर्दनाक घटना से अत्यंत व्यथित हैं। साथ ही राहत के तौर पर आर्थिक सहायता की भी घोषणा की गई है।
PMNRF से मुआवजे की घोषणा
सरकारी बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं गंभीर रूप से घायल लोगों को 50,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को जलालाबाद से ब्यास जा रही एक मालवाहक पिकअप, जिसे अवैध रूप से ‘डबल डेकर’ बनाकर लगभग 30 लोगों को बैठाया गया था, फिरोजपुर-फाजिल्का मार्ग पर सामने से आ रहे ट्राले से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन में सवार लोग बुरी तरह प्रभावित हुए।
इस दर्दनाक हादसे में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों सहित 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों का इलाज जारी है।
पीएम मोदी का संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हादसे की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति गहरी संवेदनाएं हैं और वह घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।