पंजाब के बठिंडा में शुक्रवार को बड़ा हादसा हुआ है। बठिंडा तलवंडी साबो रोड पर गांव जीवन सिंह वाला के पास निजी कंपनी की बस हादसे का शिकार हो गई। बस अनयंत्रित होकर नाले में गिर गई। इस हादसे में अभी तक पांच लोगों की मौत हुई है। बताया जा रहा है कि बस में कई लोग सवार थे। हादसे के बाद यहां चीख पुकार मच गई। कई लोग घायल हुए हैं। घायलों को तलवंडी साबो के अस्पताल में पहुंचाया गया है।

जानकारी के अनुसार बठिंडा में एक प्राइवेट कंपनी की बस कर्मचारियों को लेकर जा रही थी। दोपहर को छुट्टी होने के बाद बस गांव जीवन सिंह वाला के पास पहुंची तो नाले के ऊपर बने पुल पर अनयंत्रित होकर नाले में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। इसके बाद घायलों को बाहर निकाला गया।

घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची है। घायलों को एंबुलेंस की मदद से तलवंडी साबो अस्पताल पहुंचाया गया है। राहत व बचाव का कार्य किया जा रहा है।