पंजाब से हिमाचल मार्ग के जरिए उत्तराखंड की ओर बढ़ रहे निहंग सिख समुदाय के संभावित मूवमेंट को देखते हुए पांवटा साहिब सीमा क्षेत्र में शुक्रवार को हालात पूरी तरह सामान्य रहे, लेकिन प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। इलाके में पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है और हर गतिविधि पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने शुक्रवार को पांवटा साहिब सीमा का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों और प्रशासनिक स्टाफ को सतर्कता बनाए रखने और सभी जरूरी कदम समय पर उठाने के निर्देश दिए।

सीमा क्षेत्र में आने-जाने वाले वाहनों की गहन जांच की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को रोका जा सके। वहीं गुरुद्वारा पांवटा साहिब परिसर में प्रशासन और निहंग सिख प्रतिनिधियों के बीच बातचीत का सिलसिला शांतिपूर्ण माहौल में जारी है।

प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सभी इंतजाम पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि संवाद के जरिए स्थिति जल्द पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।

एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि सीमाओं और प्रवेश मार्गों पर पुलिस की सख्त निगरानी जारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।