कोरबा जिले में शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोपी की गिरफ्तारी और मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचकर आवेदन सौंपा है।
जानकारी के अनुसार, युवती की पहचान निखिल रजक नामक युवक से उसकी एक सहेली के माध्यम से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसे अपने परिजनों से मिलवाने के बहाने घर बुलाया, जहां उस समय कोई मौजूद नहीं था। इसी दौरान उसने जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी का वादा करता रहा।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी लंबे समय तक शादी का भरोसा देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। जब उसने शादी की बात दबाव के साथ उठाई, तो आरोपी मुकर गया। युवती ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर उसका अपमान किया।
इस मामले में पीड़िता पहले ही महिला थाना और दर्री थाना में शिकायत दर्ज करा चुकी है, लेकिन उसका आरोप है कि कई बार शिकायत देने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। कार्रवाई में देरी से नाराज पीड़िता ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।
थाना स्तर पर कार्रवाई से असंतुष्ट होकर पीड़िता अपने परिजनों के साथ एसपी कार्यालय पहुंची और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही उसने यह भी आग्रह किया है कि यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।