छत्तीसगढ़: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंगलवार को अल्प प्रवास पर पेंड्रा पहुंचे, जहां उन्होंने कोटमी साप्ताहिक बाजार में गोली मारकर हत्या किए गए सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया और घटना की पूरी जानकारी ली। साथ ही दोषियों पर सख्त कार्रवाई और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।

हत्या की घटना ने पूरे क्षेत्र को किया था दहला

गौरतलब है कि 26 मई को कोटमीकला के साप्ताहिक बाजार में सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सोने-चांदी के आभूषण लूटकर फरार हो गए थे।

इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई थी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है और लूटी गई चांदी की बरामदगी भी की गई है। जांच अभी जारी है।

कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

पेंड्रा में मीडिया से बातचीत के दौरान भूपेश बघेल ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम लोगों में असुरक्षा का माहौल है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी व्यवस्था के संरक्षण में अपराधियों के हौसले बढ़े हैं, जिसके कारण कानून व्यवस्था कमजोर होती जा रही है। बघेल ने कहा कि ऐसी घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं और सरकार को अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

परिवार को न्याय का भरोसा

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी परिवार के लिए अपने सदस्य को खोना अत्यंत पीड़ादायक होता है। उन्होंने मृतक परिवार को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाते हुए कहा कि दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

भूपेश बघेल का यह दौरा न केवल पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने के रूप में देखा जा रहा है, बल्कि इसे प्रदेश की कानून व्यवस्था पर विपक्ष के तीखे रुख के तौर पर भी माना जा रहा है।