राजस्थान में अलवर जिले के राजगढ़ में 300 साल पुराने शिव मंदिर सहित तीन मंदिरों, 100 से ज्यादा मकानों और दुकानों को तोड़े जाने को लेकर शनिवार को भी विवाद जारी रहा। विवाद ज्यादा बढ़ा तो सरकार की तरफ से लोगों को आश्वासन दिया गया कि तीनों मंदिरों का पुनर्निर्माण करवा कर मूर्तियां स्थापित की जाएंगी।
इस मामले में भाजपा के सांसद और विधायक राज्यपाल कलराज मिश्र को ज्ञापन देंगे।राजभवन से समय मांगा गया है। भाजपा के राज्यसभा सदस्य डा. किरोड़ी लाल मीणा शुक्रवार रात को धरने पर बैठे हैं। शनिवार को भी उनका धरना जारी रहा। उन्होंने अपने समर्थकों के साथ धरना स्थल पर ही रात गुजारी।
इस बीच, भाजपा के सांसद सुमेधानंद की अगुवाई में पांच सदस्यीय जांच समिति शनिवार दोपहर मे राजगढ़ पहुंची और मंदिर, मकान व दुकानों की तोड़फोड़ का जायजा लिया। उन्होंने तोड़फोड़ की निंदा करते हुए कहा कि अधिकारियों ने नगर पालिका में पारित किए गए प्रस्ताव के विपरित तोड़फोड़ की है। जिला कलक्टर नकाते शिव प्रसाद मदन ने कहा कि मास्टर प्लान के अनुसार नगर पालिका के बोर्ड ने अपने स्तर पर तोड़फोड़ की है।
जिला प्रशासन से इसकी अनुमति नहीं ली गई। पुलिस ने जाब्ता जरूर मांगा गया था। कलक्टर और अन्य अधिकारी शनिवार को आक्रोशित लोगों के साथ संवाद करते रहे। मंदिर के महंत प्रकाश दास ने उपखंड अधिकारी और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी के खिलाफ राजगढ़ पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। इस मामले में स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक ह्देश शर्मा ने अधिशासी अधिकारी से रिपोर्ट मांगी है।