जयपुर में रिंग रोड के पास ओवर स्पीड ऑडी कार डिवाइडर से टकरा गई। एक्सीडेंट में कार के परखच्चे उड़ गए। गाड़ी में सवार तीन युवतियों समेत चार की मौत हो गई। दो गंभीर घायलों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। हादसा शिवदासपुरा इलाके में हुआ।

चाकसू SHO भूरी सिंह ने बताया- हादसा सोमवार देर रात करीब 3 बजे शिवदासपुरा इलाके स्थित रिंग रोड पर हुआ। ऑडी कार सवार युवक-युवती अजमेर की तरफ से जयपुर आ रहे थे। उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि कार का ड्राइवर साइड का हिस्सा पूरी तरह खत्म हो गया। कार का इंजन बाहर निकलकर रोड पर आ गया। वहीं, ड्राइवर साइड का टायर एक्सल से टूटकर करीब 100 मीटर दूर जाकर गिरा।

डिवाइडर से टकराते ही कार के दोनों एयरबैग खुल गए थे, लेकिन वह भी जान नहीं बचा पाए। माना जा रहा है कि कार की स्पीड करीब 120 से अधिक थी। जल्द जयपुर लौटने के चलते ओवर स्पीड में कार चलाई जा रही थी। टोंक रोड पर उतरने का अचानक याद आने पर ओवर स्पीड कार मोड़ते ही कट पर डिवाइडर से टकराने से हादसा हो गया।

एसीपी मानसरोवर अभिषेक शिवहरे ने बताया कि कार में कुल छह लोग सवार थे। इनमें तीन लड़के और तीन लड़कियां थीं।

सूचना पर शिवदासपुरा, चाकसू और सांगानेर सदर थाने का जाब्ता मौके पर पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने मशक्कत कर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। गंभीर हालत में सभी को हॉस्पिटल भिजवाया गया। जहां डॉक्टरों ने तीन युवतियों और एक युवक को मृत घोषित कर दिया। घायल दो लोगों को गंभीर हालत में प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया।