अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक रहा। जैसलमेर, बाड़मेर, उदयपुर, भीलवाड़ा में कल सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। बाड़मेर में तो पारा 43 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं, जयपुर में दिन का अधिकतम तापमान लगातार दूसरे दिन 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि एक-दो दिन में राज्य के कुछ शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर जा सकता है, इसके बाद हीटवेव का दौर शुरू हो जाएगा। दरअसल, पाकिस्तान के बलूचिस्तान एरिया से गर्म हवाएं आनी शुरू हो गई हैं। इससे गर्मी बढ़ेगी, लू चलेगी।
मौसम केंद्र जयपुर से जारी फोरकास्ट के मुताबिक अगले 3-4 दिन राज्य में मौसम पूरी तरह ड्राई (शुष्क) बना रहेगा। तीखी धूप निकलेगी। आंधी, बादल, बारिश की अगले कुछ दिनों तक कोई संभावना नहीं है। वहीं, उत्तर-पश्चिम दिशा से अब गर्म हवाओं का फ्लो धीरे-धीरे बढ़ना शुरू हो गया है। इससे राज्य में दिन में गर्म हवाएं चलनी शुरू हो गईं।
जयपुर में आज भी सुबह से मौसम साफ है और तेज धूप निकली है। कल भी दिन में तेज धूप थी। शहर में कई जगहों पर दोपहर 12 बजे बाद से लोगों की आवाजाही कम दिखी। राजधानी में रात में पारा बढ़ने लगा है। बीती रात जयपुर का न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
चल रहीं धूलभरी गर्म हवाएं
राजस्थान कल सबसे ज्यादा गर्मी बाड़मेर में रही। बूंदी, टोंक, डूंगरपुर, सिरोही, करौली, बाड़मेर, जैसलमेर, फलौदी, जालोर में अधिकतम तापमान 41 जबकि जोधपुर, बीकानेर, चूरू, बारां, धौलपुर, कोटा, भीलवाड़ा में 40 डिग्री सेल्सियस किया गया। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, फलौदी, बीकानेर, जैसलमेर एरिया में दिन में हल्की धूलभरी गर्म हवाएं भी चलनी शुरू हो गईं। हालांकि तापमान अब भी सामान्य नीचे बने रहने के कारण हीटवेव का असर नहीं है।
15 मई के बाद और तेज होगी गर्मी
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक उत्तर भारत में अब वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर कम हो गया है। पाकिस्तान, बलूचिस्तान एरिया से अब गर्म हवाएं आनी शुरू हो गईं, जिससे राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात, दिल्ली समेत मध्य और उत्तर भारत के राज्यों में गर्मी बढ़नी शुरू हो गई। विशेषज्ञों का अनुमान है कि 15 मई से राजस्थान के कुछ हिस्सों में हीटवेव चल सकती है। जैसलमेर, फलौदी, जालौर, बाड़मेर एरिया में दिन का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

सीकर जिले में फिलहाल अगले 3 से 4 दिन मौसम पूरी तरह साफ रहने वाला है। बुधवार सुबह सीकर के हर्ष इलाके में साफ मौसम।
सीकर में धूलभरी हवाएं चलने के आसार
सीकर जिले में तेज गर्मी का दौर शुरू हो चुका है। सीकर जिले में तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया है। दोपहर के समय तेज धूप के चलते लोगों की आवाजाही भी कम हो चुकी है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो आगामी तीन से चार दिन जिले में मौसम साफ रहने वाला है। आगामी 72 घंटों में 3 से 5 डिग्री बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके साथ ही 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूल भरी हवाएं चलने की भी संभावना है।
उदयपुर में सीजन का सबसे गर्म दिन रहा, परेशान हुए CM गहलोत
उदयपुर में मंगलवार को सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। उदयपुर में पारा इस सीजन में पहली बार 39 डिग्री पर पहुंच गया। इधर, मंगलवार को भी सीएम अशोक गहलोत उदयपुर में थे। उन्होंने मावली महंगाई राहत कैंप का जायजा लिया। इस दौरान धूप से परेशान दिखे। लोगों से मुलाकात के दौरान पहले तो उन्होंने जैकेट उतारा। फिर पानी पीते-पीते ही जनता से मिले। मंच पर जाते ही रूमाल निकालकर चेहरा पोंछते नजर आए।