राजस्थान के जोधपुर में इंटरनेट सेवाओं को बहाल कर दिया गया है। हालांकि इस बारे में कोई आधिकारिक बयान या आदेश तो नहीं आया है, लेकिन कई सेवा प्रदाता कंपनियों के नेटवर्क शुरू हो चुके हैं। इससे आम जन को बड़ी राहत महसूस हो रही है। जोधपुर में दो मई को हुए विवाद के बाद से सरकार की ओर से नेट बंदी के आदेश जारी किए गए थे, जिसके मद्देनजर तत्काल प्रभाव से सभी सेवा प्रदाता कंपनियों के इंटरनेट बंद कर दिए गए थे। उसके बाद लगातार छह दिन से इंटरनेट सेवाएं बाधित रहीं, आठ मई को इंटरनेट सेवाएं शुरू होने से आमजन ने राहत महसूस की है और खुशी भी जाहिर की है।

कमला नेहरू नगर हुडको क्वार्टर निवासी अनीता सारस्वत के अनुसार पांच दिनों की बंदिश के बाद शुरू हुआ इंटरनेट बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ आनलाइन काम करने वालों के लिए भी राहत लेकर आया है। अब इंटरनेट मीडिया पर प्रतिदिन की गतिविधियों की जानकारी भी मिल पाएगी। साथ ही, साथ आनलाइन पढ़ाई करने वाले बच्चों को भी सुविधा मिलेगी। जोधपुर में झंडा विवाद के बाद ला एंड आर्डर के प्रभावी तरीके से क्रियान्वयन के तहत सरकार ने संपूर्ण जिले में नेटबंदी के आदेश जारी किए थे। इससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ था और कर्फ्यू ग्रस्त 10 थाना क्षेत्रों में लोगों के मनोरंजन और आनलाइन होने वाले सभी काम रुक गए थे। ऐसे में इंटरनेट से बंदिश हटने के बाद लोगों में खुशी का माहौल है।